Kurz gefasst
Fachartikel in der Zeitschrift BHAIRAVI, online erschienen am 13.11.2025. Verfasst von विकाश कुमार.
Abstract (Originalsprache)
हिन्दी उपन्यास के विकासक्रम में प्रारम्भिक चरण से लेकर प्रेमचंद युग तक की यात्रा अत्यंत महत्त्वपूर्ण रही है। प्रारम्भिक हिन्दी उपन्यासों का स्वरूप अभी निर्माणाधीन था, इसलिए उस समय के अधिकांश उपन्यास सुधारवादी, उपदेशात्मक तथा मनोरंजनप्रधान प्रवृत्तियों से प्रभावित थे। इस काल में सामाजिक, ऐतिहासिक, तिलस्मी तथा जासूसी उपन्यासों की अधिक रचना हुई, जिनका उद्देश्य मुख्यतः पाठकों का मनोरंजन करना और समाज सुधार का संदेश देना था। पंडित बालकृष्ण भट्ट, ठाकुर जगमोहन सिंह, लज्जाराम मेहता, राधाकृष्णदास, देवकीनंदन खत्री तथा गोपालराम गहमरी जैसे उपन्यासकारों ने हिन्दी उपन्यास को लोकप्रिय बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। विशेष रूप से देवकीनंदन खत्री ने तिलस्मी एवं ऐयारी उपन्यासों के माध्यम से पाठकों में हिन्दी के प्रति आकर्षण उत्पन्न किया। जासूसी उपन्यासों द्वारा गोपालराम गहमरी ने रहस्य और रोमांच की परंपरा को आगे बढ़ाया। यद्यपि इन उपन्यासों में कलात्मक परिपक्वता का अभाव था तथा अस्वाभाविकता और अतिमानवीयता के दोष भी विद्यमान थे, फिर भी इन्होंने हिन्दी उपन्यास को विषय, शिल्प और भाषा की दृष्टि से नई दिशा प्रदान की। द्विवेदी युग में उपन्यासों में सामाजिक सुधार की चेतना अधिक स्पष्ट रूप में दिखाई देती है। अयोध्या सिंह उपाध्याय तथा अन्य लेखकों ने हिन्दू समाज की कुरीतियों, दुर्व्यसनों तथा नैतिक पतन को आधार बनाकर उपन्यासों की रचना की। इस प्रकार प्रारम्भिक हिन्दी उपन्यासों ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज सुधार को भी अपना उद्देश्य बनाया और आगे आने वाले यथार्थवादी उपन्यासों की पृष्ठभूमि तैयार की। प्रेमचंद युग हिन्दी उपन्यास के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ सिद्ध हुआ। प्रेमचंद ने हिन्दी उपन्यास को केवल मनोरंजन का माध्यम न रहने देकर उसे जनजीवन, सामाजिक यथार्थ और मानवीय समस्याओं से जोड़ा। उनके उपन्यासों में किसानों की दयनीय स्थिति, स्त्री समस्या, दहेज प्रथा, अनमेल विवाह, शोषण, राष्ट्रीय चेतना, सांप्रदायिकता तथा सामाजिक विषमताओं का अत्यंत यथार्थ एवं कलात्मक चित्रण मिलता है। ‘सेवासदन’, ‘निर्मला’, ‘गबन’, ‘कर्मभूमि’ तथा ‘गोदान’ जैसे उपन्यासों के माध्यम से प्रेमचंद ने भारतीय समाज का व्यापक और प्रामाणिक चित्र प्रस्तुत किया। उनका आदर्शोन्मुखी यथार्थवाद हिन्दी उपन्यास की सबसे बड़ी विशेषता बनकर उभरा। भाषा की सरलता, चरित्रों की स्वाभाविकता तथा जीवन के विविध पक्षों का सूक्ष्म चित्रण उन्हें हिन्दी का ‘उपन्यास सम्राट’ सिद्ध करता है। प्रेमचंद के समकालीन उपन्यासकारों—जयशंकर प्रसाद, आचार्य चतुरसेन शास्त्री, वृंदावन लाल वर्मा आदि—ने भी हिन्दी उपन्यास को समृद्ध किया। विशेषतः जयशंकर प्रसाद के ‘कंकाल’ और ‘तितली’ में व्यक्ति-स्वातंत्र्य, प्रेम तथा ग्रामीण जीवन की समस्याओं का चित्रण मिलता है। इस प्रकार प्रेमचंद युग में हिन्दी उपन्यास मनोरंजन और उपदेश की सीमाओं से निकलकर सामाजिक यथार्थ, मानवतावाद और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त माध्यम बन गया।
Zitieren
APA
कुमार, व. (2025). प्रेमचंद पूर्व हिन्दी उपन्यास. BHAIRAVI. https://doi.org/10.65403/bhairavi.vol31.007
Vancouver
कुमार व. प्रेमचंद पूर्व हिन्दी उपन्यास. BHAIRAVI. 2025. doi:10.65403/bhairavi.vol31.007
BibTeX
@article{2025,
author = {कुमार, विकाश},
title = {प्रेमचंद पूर्व हिन्दी उपन्यास},
journal = {BHAIRAVI},
year = {2025},
doi = {10.65403/bhairavi.vol31.007}
}
EUVIMED