शाश्वतसुख और परमानन्द का मार्ग : नैतिकता
Devabhumisaurabham · 15.07.2026 · 3 (1) · 364-374
DOI: 10.65833/dbs.2026.339 ↗Kurz gefasst
Fachartikel in der Zeitschrift Devabhumisaurabham, online erschienen am 15.07.2026. Verfasst von प्रभात कुमार.
Abstract (Originalsprache)
परमात्मा ने सुख एवं आनन्द की प्राप्ति के लिए संसार का सृजन किया,किन्तु व्यवहारतः यह देखा जाता है कि भोगलिप्साग्रस्त मानव अपनी असंतुष्ट तृष्णाओं एवं इन्द्रियासक्त प्रवृत्तियों के कारण इस उद्देश्य से विचलित होकर दुःख, अशान्ति एवं द्वन्द्वों में उलझ जाता है। विषयभोगों की अनियंत्रित अभिलाषा मनुष्य को बाह्य साधनों में सुख की खोज के लिए प्रेरित करती है, जबकि भारतीय दार्शनिक परम्पराविशेषतः श्रुति एवं स्मृतियह प्रतिपादित करती है कि स्थायी एवं शाश्वत आनन्द का स्रोत बाह्य नहीं, अपितु अन्तःकरण की शुद्धता, एकाग्रता और धर्मानुकूल आचरणमें निहित है। श्रुति-स्मृति परम्परा में प्रतिपादित नीतिशास्त्र का प्रमुख उद्देश्य मानव को तमोगुणजन्य अज्ञान एवं रजोगुणजन्य आसक्ति से मुक्त कर सत्त्वगुण की ओर उन्मुख करना है, जिससे वह आत्मस्वरूप की अनुभूति करते हुए शाश्वत आनन्द को प्राप्त कर सके। वेद, धर्मसूत्र, स्मृतियाँ एवं भारतीय नीतिसाहित्य सर्वसम्मति से यह प्रतिपादन करते हैं कि सुख का वास्तविक आधार बाह्य भोगसाधन नहीं है, अपितु मन, बुद्धि एवं चित्त से युक्त अन्तःकरण की शुद्धता, एकाग्रता एवं धर्मानुकूल आचरण है।अधर्म एवं अनैतिक आचरण से अर्जित वैभव एवं सुख क्षणिक और अस्थायी होते हैं। ऐसे साधनों से प्राप्त सुख के साथ भय, असुरक्षा, अशान्ति एवं मानसिक तनाव अनिवार्यतः जुड़े रहते हैं। परिणामस्वरूप मनुष्य का अन्तःकरण विक्षुब्ध हो जाता है, जो दीर्घकाल में मानसिक विकारों के साथ-साथ शारीरिक रोगों का भी कारण बनता है। इस प्रकार अनैतिकता न केवल आध्यात्मिक पतन का कारण है, बल्कि यह मनोदैहिकरोगों की उत्पत्ति में भी सहायक सिद्ध होती है। वेदों के अनुसार सत्य-असत्य, धर्म-अधर्म का विवेक मानव के अन्तःकरण में स्वाभाविक रूप से निहित है। यह आन्तरिक नैतिक चेतना ही मनुष्य को शुभ एवं अशुभ कर्मों के प्रति मार्गदर्शन प्रदान करती है। इसी विवेक के आधार पर मनुष्य पुण्य-पाप तथा उच्च-निम्न लोकों की प्राप्ति करता है। जब व्यक्ति इस नैसर्गिक नैतिक चेतना की अवहेलना करता है, तब वह प्रज्ञापराध की स्थिति में पहुँचकर आत्मविरोधी आचरण करता है, जिससे उसका समग्र व्यक्तित्व असंतुलित हो जाता है। प्रस्तुत शोधपत्र में यह प्रतिपादित किया गया है कि वैदिक जीवनपद्धति (विशेषतः उपासना, यज्ञ एवं संयमित आचरण) के माध्यम से इन्द्रियों एवं अन्तःकरण को बहिर्मुखता से हटाकर अन्तर्मुखी बनाया जा सकता है। यह अन्तर्मुखता ही आत्मप्रकाश की प्राप्ति का साधन बनती है, जिसके परिणामस्वरूप व्यक्ति में नैतिकता का उद्भव बाह्य अनुशासन के रूप में नहीं, बल्कि स्वाभाविक प्रवृत्ति के रूप में होता है। आत्मप्रकाश की अवस्था में व्यक्ति के भीतर स्थित काम, क्रोध, लोभ, मोह आदि विकार स्वतः क्षीण हो जाते हैं और उसका आचरण धर्मानुकूल हो जाता है।‘ईशावास्यमिदं सर्वम्’ की अनुभूति इस सत्य की ओर संकेत करती है कि समस्त जगत्में एक ही परमात्मा का व्यापक अस्तित्व है। इस अनुभूति के फलस्वरूप व्यक्ति में समत्व, करुणा एवं अहिंसा के भाव विकसित होते हैं। इसी प्रकार ‘आत्मनः प्रतिकूलानि परेषां न समाचरेत्’ का सिद्धान्त नैतिक आचरण का सार्वभौमिक मानदण्ड प्रस्तुत करता है, जो व्यक्तिगत तथा सामाजिक जीवन दोनों में समान रूप से प्रासंगिक है। अतः निष्कर्षतः कहा जा सकता है कि वैदिक नैतिकता का आधार अन्तःकरण की शुद्धि, आत्मप्रकाश की प्राप्ति एवं सार्वभौमिक दृष्टि का विकास है। यह न केवल व्यक्ति को स्थायी सुख एवं शान्ति की ओर उन्मुख करती है, अपितु सामाजिक समरसता एवं वैश्विक सौहार्द की स्थापना में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
Zitieren
APA
कुमार, प. (2026). शाश्वतसुख और परमानन्द का मार्ग : नैतिकता. Devabhumisaurabham, 3(1), 364-374. https://doi.org/10.65833/dbs.2026.339
Vancouver
कुमार प. शाश्वतसुख और परमानन्द का मार्ग : नैतिकता. Devabhumisaurabham. 2026;3(1):364-374. doi:10.65833/dbs.2026.339
BibTeX
@article{2026,
author = {कुमार, प्रभात},
title = {शाश्वतसुख और परमानन्द का मार्ग : नैतिकता},
journal = {Devabhumisaurabham},
year = {2026},
volume = {3},
number = {1},
pages = {364--374},
doi = {10.65833/dbs.2026.339}
}
EUVIMED